विकासखंड में शुक्रवार को सचिवों के साथ परियोजना निदेशक ने बैठक कर आवास योजना की समीक्षा की। उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष के आवास लाभार्थी की तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र पर मौके की जांच में एक गांव निवासिनी लाभार्थी को अपात्र पाया। इस पर उन्होंने सचिव को फटकार लगाते हुए उन्हीं से ही 1.30 लाख रुपये जमा कराए।
परियोजना निदेशक अजय प्रताप सिंह ने आवास की समीक्षा बैठक में सचिवों को बताया कि पात्र लाभार्थी को ही आवास दिया जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही उजागर होने पर या पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। परियोजना निदेशक ने सचिवों को बताया कि 22 बिंदुओं में से किसी एक भी शर्त को पूरा न करने वाला व्यक्ति पात्र लाभार्थी की श्रेणी से बाहर हो जाएगा।
उन्होंने कठवार गांव निवासिनी ज्ञानी देवी को जांच में अपात्र पाया था। उनके पास पहले ही छह कमरे हैं। यह जांच उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर किया था। ऐसे अपात्र लाभार्थी से पैसा वसूलने का आदेश दिया था। लेकिन लाभार्थी ने पैसे नहीं दिए तो सचिव को 1.30 लाख रुपये जमा करना पड़ा। समीक्षा बैठक में खंड विकास अधिकारी हरिओम गुप्ता ने स्पष्ट रूप से गाइडलाइन के आधार पर पात्रों के चयन करने की बात कही। इस समीक्षा बैठक में संदीप पटेल, दिलीप यादव, संजय पांडेय, सुनील चतुर्वेदी ,कैलाश नाथ बिंद, सौम्या सिंह आदि मौजूद रहे।