मड़िहान। मिर्जापुर से मड़िहान तक 26 किलोमीटर का हाईटेंशन तार चोर धीरे-धीरे काट ले गए लेकिन विभाग को पता नहीं चला। अंत में जब सात खंभों के तीनों फेस के तार चोरों ने काट लिया तो 10 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। इससे 7000 की आबादी प्रभावित है। विद्युत आपूर्ति ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने शिकायत की तो अवर अभियंता जगजीवन राम ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
मड़िहान विद्युत उपकेंद्र को मिर्जापुर से बिजली आपूर्ति की जा रही थी। जब गुरुदेव नगर में 132 केवीए पावर हाउस बनकर तैयार हुआ तो उसके बाद मिर्जापुर से मड़िहान उपकेंद्र को आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद धीरे-धीरे चोर तार काटने लगे। अंत में मड़िहान तहसील के पास सात खंभों के तीनों फेस के तार चोर एक साथ काट ले गए तो 10 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता जगजीवन राम ने मड़िहान थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। अवर अभियंता जगजीवन राम ने बताया कि सात खंभों के तीनों फेस के तार चोर काट ले गए हैं, जिससे आपूर्ति बाधित है।