मिर्जापुर। नगर में शनिवार देर रात रात आठ बजे के आसपास अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति ढाई घंटे तक बाधित रही। रात करीब साढ़े दस बजे गड़बड़ी दूर होने पर आपूर्ति बहाल हुई। बताया गया कि पावर हाउस के ट्रांसफार्मर का फ्यूज जल जाने के कारण आपूर्ति बंद हो गई थी।
शनिवार की रात करीब आठ बजे अचानक पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते नगर के घंटाघर, त्रिमुहारी, पथरहिया, आवास विकास कालोनी, रमईपट्टी, पीलीकोठी, संगमोहाल, तेलियागंज, सिविल लाइन, वासलीगंज, पुलिस लाइन सहित 300 गली मोहल्लों में अंधेरा छा गया। लोगों ने सोचा कि थोड़ी देर के लिए बिजली कटी होगी। काफी देर तक बिजली नहीं आई तो उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से संपर्क साधा तब पता चला कि पथरहिया पावर हाउस में गड़बड़ी आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई है। अधिशासी अभियंता मनोज यादव ने बताया कि गड़बड़ी दूर कर ली गई है।