वासलीगंज स्थित किराना की दुकान में होली की तैयारी लिए के सामान खरीदते लोग।
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। होली को देखते हुए शुक्रवार को बाजार में काफी चहल-पहल रही। सुबह बाजार खुलते ही लोगों की भीड़ विभिन्न बाजारों में उमड़ पड़ी। नगर के मुकेरी बाजार, वासलीगंज, बसनई बाजार, तेलियागंज, घंटाघर, सिविल लाइंस, रमईपट्टी, महुवरिया, पक्काघाट समेत अन्य बाजार में उमड़े भीड़ के कारण कई बार लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ा।
ज्यादातर रेडीमेड कपड़ों की दुकानों, किराना, रंग-अबीर के साथ ही पिचकारियों के दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। खोआ मंडी में सुबह से लेकर शाम तक खरीदारो की भीड़ लगी रही। बच्चों संग कपड़ों के दुकानों पर पहुंचे परिजन मन पसंद के परिधान खरीदते नजर आए। गुझिया की तैयारियों में गृहिणियां किराना दुकानों पर सामानों की खरीदारी में जुटी रहीं। नगर में कई ऐसे प्रमुख दुकान रहें जहां खरीदारों के चलते लोगों को पैर रखने की जगह न बची। होली पर्व का फायदा उठाते हुए महंगाई की दुहाई देकर दुकानदारों की ओर से सूजी, चीनी, मैदा के साथ ही अन्य खाद्य पदार्थों में प्रति किलो दो से चार रुपए अधिक बढ़ाकर वसूल किए जा रहे थे।
पिचकारियों और रंगों से सजे दुकानों पर उमड़ रही बच्चों की भींड़
मिर्जापुर। होली को देखते हुए नगर के अधिकांश बाजारों में रंग, बिरंगी पिचकारियों और रंगो से बाजार सजे रहे। दुकानों पर एक से बढ़कर एक पिचकारियां सजाई गई हैं। जो बच्चों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। खरीदारी के लिए दुकानों पर बच्चों की सुबह से लेकर शाम तक भीड़ उमड़ रही है। प्लास्टिक की रंग बिरंगी पिचकारियों में कार्टून प्रिंट वाली पिचकारियां बच्चो को ज्यादा पसंद आ रही हैं। रंगों के पैकेट भी दुकाने सजे रहे। इसके अलावा टोपी, मास्क और नकली बाल की खरीदारी में लोग जुटे रहे।