मंदिर से चोरी गई 394 घंटियां, 4 मुकुट और चांदी की दो आंखें बरामद हुई है। इस घटना को अंजाम देने वाले सगे भाई सहित चार गिरफ्तार किए गए हैं। जानकारी के अनुसार पकड़े गए दो आरोपियों पर मिर्जापुर और चंदौली में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने चोरी के आरोप में मिर्जापुर के जमालपुर थाने के चैनपुरवा चौबेपुर निवासी दो सगे भाइयों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से मंदिरों से चोरी 394 घंटियां, चार मुकुट और चांदी की दो आंखें बरामद हुई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आबादी से दूर वाले मंदिरों में चोरी करते थे।
विज्ञापन
इलिया थाने में एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि आरोपी कलानी गांव में काली मंदिर के पास चोरी की योजना बना रहे थे। सूचना पर इलिया थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह और शहाबगंज थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
इनमें मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाने के चैनपुरवा चौबेपुर निवासी सगे भाई धीरज तिवारी व नीरज तिवारी हैं। इसी गांव के अतुल तिवारी की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले मिर्जापुर के जमालपुर थाने के दीपक कुमार उर्फ दीपू को भी गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
उसके पास से 394 घंटियां, चार चांदी के मुकुट, दो चांदी की मूर्ति, लोहा काटने की एक आरी व लोहा काटने के चार ब्लेड, बाइक, 1500 रुपये बरामद किए हैं। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार धीरज और नीरज पर मिर्जापुर और चंदौली के विभिन्न थाने में छह से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।