राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के धनसिरीया गांव में रविवार की रात संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन का पर्व मातम में बदल गया।
धनसिरिया ग्राम पंचायत के पूर्वा तेलियापुर निवासी कमलेश (38) की रविवार की रात को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक कमलेश रविवार को गांव के ही एक किसान के खेत में दवा का छिड़काव करने गया था। शाम को घर लौटने पर कमलेश की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के बाद कमलेश को घर भेज दिया गया। घर पर देर रात कमलेश की मौत हो गई। परिजनों ने जहरीले जंतु के काटने की आशंका जताई है। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कमलेश की मौत से गांव में मातम छा गया है।