जिले में पिछले एक वर्ष से न्याय का एक बड़ा आंदोलन चल रहा है। वाद सुलझेगा तभी गांव बढ़ेगा। यह बातें मंगलवार को जनपद व सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा ने चुनार तहसील में नव युवक अधिवक्ता समिति के नव निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहीं।
उन्होंने कहा कि जिले की न्यायपालिका पहली ऐसी न्यायपालिका है जो गांवों में पहुंचकर लोगों को न्याय देने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिले के 25 गांवों में पहुंचकर लोगों के बीच पूर्व से चल रहे वादों को सुनकर आपसी सहमति के आधार पर निस्तारित कराया गया। इससे गांव मुकदमा मुक्त हो गए। इसमें सहयोग के लिए गांव के प्रधानों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि सुलझेगा गांव तो बढ़ेगा गांव, इसको दृष्टिगत रखते हुए इस योजना के बारे में अपने वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों को जानकारी दी। राष्ट्रीय विधिक सहायता प्राधिकरण ने सभी तहसीलों के पांच - पांच गांवों को चिन्हित कर योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया है।
नव निर्वाचित अध्यक्ष शिवशंकर सिंह के तहसील मुख्यालय पर नव निर्मित वाह्य न्यायालय भवन के उद्घाटन व न्यायिक कार्य शुरू कराने की मांग पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी से शीघ्र ही वार्ता कर न्यायिक कार्य शुरू कराने का प्रयास होगा।
इसके पूर्व जनपद न्यायाधीश ने नव निर्वाचित अध्यक्ष शिवशंकर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राममूरत यादव, महामंत्री रामविलास सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।शेष पदाधिकारियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह व सिविल जज (जू.डि.) चुनार ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने शपथ ग्रहण कराया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व बार के अध्यक्ष अनिल सिंह ने किया। इस दौरान तहसीलदार ईवेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार संजय सिंह, ज्योति, पंकज उपाध्याय, रामराज सिंह पटेल, वरिष्ठ अधिवक्ता अनमोल सिंह,मुन्नू गुप्ता आदि मौजूद रहे।