ड्रमंडगंज। कोलकाता से किराना का सामान लादकर भोपाल जा रहे ट्रक चालक चालक परवेज आलम (45) की शुक्रवार देर रात ड्रमंडगंज में अचानक तबियत खराब हो गई। इसके बाद चालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां देखते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
भोपाल निवासी चालक परवेज की शुक्रवार रात 11 बजे रीवा मिर्जापुर हाईवे स्थित देवहट ड्रमंडगंज के पास तबियत खराब हो गई। उसके बाद चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ी कर पीछे आ रहे साथी ट्रक चालक को जानकारी दी। उधर कुछ देर बाद जब ट्रक चालक की हालत और अधिक बिगड़ गई। तो किसी स्थानीय नागरिक ने सूचना पीआरवी को दी। पीआरवी टीम ने चालक को एंबुलेंस से पीएचसी हलिया भेजवाया। जहां पहुंचने पर डॉ. विवेक खरे ने मृत घोषित कर दिया।
मृत ट्रक चालक के साथी मोहम्मद पुरानुद्दीन निवासी रतन पड़ौली जिला सीवान बिहार ने बताया कि कोलकाता से दोनों लोग अलग-अलग ट्रक पर जबलपुर और भोपाल का किराना सामान लादकर जा रहे थे। परवेज मधुमेह और ब्लड प्रेशर के मरीज थे। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज भारत सुमन ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर भोपाल निवासी मृतक ट्रक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।