मिर्जापुर। भीषण गर्मी के कारण रविवार को हर कोई बेहाल रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से एक डिग्री तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज फिर से बदल गया। तेज हवा चलने से टिनशेड और छप्पर उड़ गए। कई जगह शादी के लिए लगे पंडाल उखड़ गए। इस दौरान करीब 15 मिनट तक बारिश भी हुई। इसके बाद फिर धूप निकल आई, जिससे गर्मी के साथ उमस भी बढ़ गई।
रविवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी से घर के अंदर भी लोग परेशान रहे। दोपहर बाद नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। कुछ देर बाद मौसम साफ हुआ तो लोग उमस से बेहाल हो उठे।
शेरवां :
दोपहर में तेज हवा चलने से धूल का गुबार छा गया, जिससे सड़कों पर लोग ठिठक गए। कई जगह टिनशेड और छप्पर उड़ गए।
नरायनपुर, हलिया और जिगरा क्षेत्र में भी
दोपहर तीन बजे के बाद तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई।
कलवारी :
दोपहर बाद तेज हवा और बारिश से जगह-जगह कीचड़ फैल गया।