केंद्र सरकार के सेक्शन आफिसर और अंडर सेक्रेटरीज ने बुधवार को नगर पालिका और डूडा कार्यालय में जाकर वहां की कार्यप्रणाली को जाना। दस दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण तथा अध्ययन भ्रमण के तहत केंद्रीय टीम के सदस्य इसके अलावा अन्य विभागो की कार्यप्रणाली को भी समझे और जानेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनूठी पहल पर अधिकारी जिलों में जाकर कराए जा रहे विकास कार्यों का मुआयना कर रहे हैं। टीम केंद्रीय योजनाओं की हकीकत और सरकारी कार्यालयों को देख रही है। केंद्र सरकार के सेक्शन अफसर और अंडर सेक्रेटरीज का दस सदस्यीय दल बुधवार को घंटाघर स्थित नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचा।
अंडर सेक्रेटरीज के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार और अध्यक्ष राजकुमारी खत्री ने पालिका के कार्यप्रणाली की जानकारी दी। प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों की टीम ने ऐतिहासिक घंटाघर और उसकी नक्काशी की तारीफ की और उसके इतिहास के बारे में जाना।
इसके बाद टीम रमईपट्टी स्थित जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कार्यालय पहुंची। डूडा कार्यालय में परियोजना निदेशक उषा त्रिपाठी ने डूडा द्वारा कराए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। टीम ने शहरी राष्ट्रीय आजीविका मिशन के बारे में भी विस्तार से जानकारी हासिल की। इस दौरान जेई रामजी उपाध्याय ने भी योजनाओं के बारे में बताया।