शहर कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंडी मोहल्ला में चिकेन पाक्स से एक बालक की मौत के बाद लोग दहशत में हैं। बच्चे की मौत के बाद उसका निकाला आयोजित करने की सूचना पर लोग डर गए और रातभर जागते रहे। मामले की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने बुधवार को मौके पर पहुंच कर लोगों से बातचीत की और इसे कोरी अफवाह बताया। तब जाकर लोगों के मन का डर कुछ कम हुआ।
मालूम हो कि जिले में चिकेन पाक्स का प्रकोप फैला है। इसे लेकर लोग परेशान हैं। उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि कहीं उनके बच्चे भी इसकी जद में न आ जाएं। इस वजह से लोगों में दूरियां भी बन रही हैं। बुंदेलखंडी मोहल्ला में चार दिन पूर्व चिकन पाक्स से एक बच्चे की मौत होने की खबर लगते ही लोग परेशान हो गए।
एक अफवाह फैला दी गई कि बच्चे की मौत के बाद उसका निकाला आयोजित किया जाएगा, जो किसी भी रास्ते से गुजर सकता है। जिस रास्ते से निकाला जाएगा उस मोहल्ले में यह बीमारी फैल सकती है। इसको सुनते ही लोग डर गए और रतजगा कर निकाली पर पाबंदी लगाने में जुट गए।
कुछ लोगों ने यहां तक अफवाह फैला दी कि मृत बच्चों को चार दिनों से रखा गया है। लोगों के जागते रहने के कारण वह लोग निकाली नहीं निकाल पा रहे हैं। जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन बुधवार को मोहल्ले में पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन कर लोगों से बात की। कहा कि यह सब अफवाह है। आराम से अपने घरों में रहे। तब लोगों को सुकून मिला।