नगर के पुतलीघर इलाके में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने गई पुलिस एवं नगर पालिका कर्मियों को मोहल्लेवासियों की नाराजगी झेलनी पड़ी।
मामला बढ़ने पर लोगों ने टीम पर पथराव करते हुए कुछ कर्मचारी की पिटाई भी कर दी। पुलिस ने लाठी फटकाकर लोगों को हटाया। मामला शांत होने पर टीम ने सड़क के पटरियाें पर हुए अतिक्रमण को हटवाने के बाद लौट गई। इस दौरान देर रात सड़क पर जाम लगा रहा। बता दें सड़काें पर आए दिन जाम लगाने की जानकारी होने पर डीएम एवं एसपी ने सड़क किनारे स्थित लोक निर्माण विभाग की जमीन पर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर अशोक कन्नौजिया एवं सीओ नगर प्रवीण यादव के नेतृत्व में एक टीम इन दिनाें नगर में अतिक्रमण हटवाने का कार्य कर रही हैं। टीम शुक्रवार की शाम को कटरा कोतवाली क्षेत्र के पुतलीघर इलाके में अतिक्रमण हटवा रही थी। इसी दौरान मोहल्लेवासी एवं नगर पालिका कर्मियों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर मोहल्लेवासी टीम के लोगाें पर पथराव करना शुरू कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका के एक कर्मचारी को पकड़कर पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। लोगाें के आक्रोश को देखकर पुलिस ने लाठी फटकार कर सभी को वहां से भगाया। पुलिस की मौजूदगी में सड़क के दोनाें पटरियाें पर हुए अतिक्रमण को हटवाया गया। वहीं उपजिलाधिकारी अशोक कन्नौजिया का कहना है कि शुक्रवार को पुतलीघर से शास्त्री सेतु तक तथा शास्त्रीसेतु से चील्ह तिराहे तक अतिक्रमण हटवाया गया है। अतिक्रमण के दौरान कुछ लोग आपस में विवाद कर लिए थे। जहां तक पथराव करने की बात है तो ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह जनहित का कार्य है। इसमें लोगों को विरोध करने की बजाय सहयोग करना चाहिए ताकि लोगाें को जाम से निजात मिल सके।