ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के देवहट गांव में शनिवार की सुबह एक सांप ने महिला को डसने के बाद पकड़ने आए वृद्ध को भी डस लिया। दोनों के परिवारीजन अस्पताल ले जाने के बजाए झाड़-फूंक के लिए ले गए लेकिन दोनों की मौत हो गई।
देवहटा ड्रमंडगंज निवासी मुखलाल बिन्द की पत्नी बदामा देवी (50) शनिवार की सुबह अपने कच्चे घर के अंदर आलमारी में कुछ पैसे रखने गई थी। उसी दौरान एक बिल में छिपकर बैठे एक सांप ने डस लिया। उसके बाद सांप को पकड़ने के लिए पहुंचे बहादुर (60)को भी उसी सांप ने डस लिया। सांप काटने के बाद महिला के परिजन उसे झाड़ फूंक व दवा पिलाने के लिए कई जगह ले गए, लेकिन अंत में महिला ने दम तोड़ दिया। उधर झाड़ फूंक के दौरान ही बहादुर मुसहर की भी मौत हो गई। सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया गया है।