मिर्जापुर। रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने मंगलवार को कैलहट-नारायनपुर बाजार-जिवनाथपुर के बीच नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन का निरीक्षण किया। इस बीच 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाकर ट्रैक की क्षमता और गुणवत्ता परखी गई।
रेल संरक्षा आयुक्त ने स्टेशन मास्टर कक्ष में प्रपत्रों के साथ कार्य प्रणाली का जायजा लिया। आईपीएस कक्ष, इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग की भी जांच की। इसके अलावा उन्होंने कैलहट से नारायणपुर बाजार, नारायणपुर बाजार से जिवनाथपुर खंड का मोटर ट्रॉली निरीक्षण किया गया।
उन्होंने स्टेशन मास्टर कक्ष, रिलेरूम और इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्पेशल ट्रेन से जिवनाथपुर-कैलहट खंड में स्पीड ट्रायल किया। इस दौरान 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पेशल ट्रेन दौड़ाकर ट्रैक की गुणवत्ता परखी। इस मौके पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विपिन कुमार, डीआरएम प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक मयंक राणा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यूसी शुक्ला आदि रहे।