पिपराडाड स्थित मेडिकल कॉलेज में दीप प्रज्ज्वलन कर उद्घाटन करते में उपस्थितकेंद्रीय राज्यमंत्र
- फोटो : MIRZAPUR
मिर्जापुर। पिपराडाड़ में बने मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सिद्धार्थनगर से वर्चुअल तौर लोकार्पण किया। लेक्चर हाल में प्रोजेक्टर पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। दोपहर 11.11 पर प्रधानमंत्री ने वर्चुअल तौर पर उद्घाटन किया तो हाल तालियों से गूंज उठा। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिद्धार्थनगर से उत्तर प्रदेश के नौ मेडिकल कालेजों का लोकार्पण किया। इसमें नगर के पिपराडाड़ में 232.97 करोड़ की लागत से बना मेडिकल कालेज भी है। कालेज को हाल ही में एनएमसी(नेशनल मेडिकल काउंसिल) से मान्यता मिल गई है। यहां पर प्रतिवर्ष एमबीबीएस के 100 छात्रों का प्रवेश होगा। आचार्य, सह आचार्य, सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट की तैनाती हो गई है। शिक्षण सत्र शुरू करने के लिए मेडिकल कालेज का लेक्चर थियेटर, एकेडमिक भवन, प्रशासनिक भवन, हास्टल आदि तैैयार है। नीट परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद दिसंबर से प्रवेश और इसके बाद शिक्षण कार्य भी शुरू हो जाएगा। मेडिकल कालेज को मान्यता मिलने के बाद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिद्धार्थनगर से प्रदेश के नौ मेडिकल कालेज के उद्घाटन किया। इसके साथ मिर्जापुर के भी मेडिकल कालेज के उद्घाटन हो गया। मेडिकल कालेज के लेक्चर हाल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, नगरपालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल, मझवां विधायक शुुचिस्मिता मौर्या ने दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद डॉ. प्रगति, स्टाफ नर्स मंजू, सुषमा, प्रियंका ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।