कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी और अन्य संगठन के लोग। स्रेात- आप
मिर्जापुर। आम आदमी पार्टी की मिर्जापुर शाखा ने सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक से दुर्व्यवहार और नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ता सिटी क्लब से ''न्याय दो'' पदयात्रा निकालते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। नेताओं को रोके जाने पर पुलिसकर्मियों से उनकी नोकझोंक हुई। इसके बाद कार्यकर्ता डीएम कार्यालय के गेट पर धरने पर बैठ गए। प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद कार्यकर्ता मान गए और राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह को सौंपकर धरना समाप्त कर दिया। वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा है। नीट सहित 93 परीक्षाओं में पेपर लीक के लिए जिम्मेदार मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ देना चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रोफेसर बी. सिंह, रमाशंकर साहू, संतोष कुमार पांडे, मीरा देवी पटेल, आनंद कुमार आजाद, नियाजुल्लाह खान, नसीम खान, संतोष सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता रहे।