जिले की चारो तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 405 मामले आए। इनमें से मौके पर मात्र 23 का निस्तारण हो पाया। भूमि विवाद संबंधी अधिक मामले आए। चुनार में एक किसान ने शिकायत की कि पीएम सम्मान निधि आने का मैसेज तो आ गया, लेकिन खाते में पैसा नहीं आया है।
सदर तहसील में एडीएम नमामि गंगे अमरेंद्र वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 116 मामले आए। जिनमें से मात्र दो का निस्तारण हो पाया। चुनार तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आये फरियादियों की समस्याओं को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने सुनवाई की। इस दौरान कुल 157 प्रार्थना पत्र आए। इनमें से मौके पर 12 का निस्तारण हुआ। रैपुरिया गांव निवासी अनुज ने पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा दूसरे के खाते में जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मोबाइल पर 31 मई को मैसेज आया कि खाते में पैसा आया है, लेकिन जब बैंक पहुंचकर खाता की जांच की तो पैसा आया ही नहीं था। रूपौधा गांव की मेनका, रेखावती, मंजूलता, उर्मिला, मुन्नी देवी आदि महिलाओं ने शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि गांव के ही कुछ लोगों ने नाली बंद कर दी है। इससे गंदा पानी रास्ते में बह रहा है। दुमदुमा के चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रार्थना पत्र दिया कि बिशुनपुर जरहा मौजा में जरगो प्रणाली की नहर की नाली क्षतिग्रस्त होने से खेत में पानी भर जाता है। इससे उनकी फसल का नुकसान होता है। सिंचाई विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान अब तक नहीं हो सका है। जमुई निवासी सीमा देवी पाल ने आवासीय पट्टे पर कब्जा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि पति के नाम आवासीय पट्टा होने के बाद भी पिछले तीन वर्षों से वह कब्जे के लिए लेखपाल व प्रधान के यहां चक्कर लगा रही हैं। इस दौरान सीडीओ बीएस लक्ष्मी, एसपी अजय कुमार, एसडीएम नीरज प्रसाद पटेल, तहसीलदार नुपूर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रामानंद राय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका राजपति वैस, बीडीओ पवन कुमार सिंह मौजूद रहे। मड़िहान तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्याओं की सुनवाई अपर जिलाधिकारी शिवप्रताप शुक्ल ने की। एडीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों के शिकायती पत्रों का निस्तारण करते समय मौके के दो गवाहों का हस्ताक्षर अवश्य करा लें। इस दौरान 79 फरियादी शिकायत पत्र लेकर पहुंचे। मौके पर छह समस्याओं का निस्तारण किया गया। अधिकतर मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। एडीएम शिव प्रताप शुक्ला के अलावा उप जिला मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार सिंह, तहसीलदार फूलचन्द यादव, पूर्ति निरीक्षक विनोद कुमार तिवारी, बीडीओ अजय कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर शैलेश कुमार राय आदि मौजूद रहे। लालगंज में उपजिलाधिकारी विजय नारायण सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 53 मामले आए और उनमें से तीन प्रकरण का मौके निस्तारण किया गया। भूमि संबंधित मामले अधिक आए। तहसीलदार शशांक शेखर राय ,पुलिस क्षेत्राधिकारी उमाशंकर सिंह, खंड विकास अधिकारी रमाकांत, वन क्षेत्राधिकारी केके सिंह, प्रभारी निरीक्षक रामनारायण सरोज, विद्युत निगम के अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार मौजूद रहे।