मिर्जापुर। दो दिन पहले सोमवार को बारिश के बाद बुधवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। तेज धूप के बीच नगर सहित कुछ क्षेत्रों में कुछ देर बूंदाबांदी और बारिश होने से उमस बढ़ गई। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। जबकि एक दिन पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस था। हवा न चलने से लोग परेशान रहे। दोपहर बाद कड़ी धूप के बीच अचानक बारिश से उमस और गर्मी बढ़ गई।
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह व तकनीकी अधिकारी मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर अभी बना हुआ है। अभी छिटपुट बादल आते-जाते रहेंगे। इससे बूंदाबांदी हो सकती है। इधर एक, दो दिन तक मौसम इसी तरह रहने की संभावना है।