- अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का विजयादशमी सौहार्द मिलन समारोह
मड़िहान। तहसील के पटेवर गांव में बुधवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में विजयादशमी सौहार्द मिलन समारोह मनाया गया। समारोह में कांतित-विजयपुर और प्रतापगढ़ के राजा समेत महासभा के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में शौर्य, एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि क्षत्रिय समाज का इतिहास त्याग और रक्षा का है।
मुख्य अतिथि राजा अनिल प्रताप सिंह ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। आज आवश्यकता है कि समाज संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाएं।अति विशिष्ट अतिथि व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कुंवर हरिवंश सिंह ने कहा कि महासभा का उद्देश्य समाज को जोड़ना है, तोड़ना नहीं। शिक्षा, संस्कार और एकता से ही समाज आगे बढ़ेगा। मुख्य वक्ता वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर तक होनी चाहिए। जब समाज एकजुट होगा, तभी उसकी आवाज सुनी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष कृष्णन सिंह ने काशी प्रांत में संगठन विस्तार पर जोर दिया, वहीं प्रदेश महामंत्री आरके सिंह ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि देवांशु ब्रह्म शाह ने कहा कि सौहार्द मिलन जैसे आयोजन आपसी भाईचारा बढ़ाते हैं। पूर्व प्रमुख जय सिंह ने क्षेत्रीय एकता को समय की जरूरत बताया। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने कहा कि मड़िहान में महासभा को और मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम प्रभारी ओम प्रकाश सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान आयोजक नरेंद्र बहादुर सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह, संरक्षक गोविंद प्रसाद सिंह, विनय कुमार सिंह, देवराज सिंह सहित तहसील अध्यक्ष अजय सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बाल नारायण सिंह, अमित कुमार सिंह, पुष्पेंद्र कुमार सिंह, अंकित सिंह, अंकुर सिंह, अथर्व सिंह चंदेल व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।