प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर चयनित अभ्यर्थियों ने शनिवार को नियुक्ति पत्र न मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन करते हुए बीएसए का घेराव कर विरोध जताया। इसके बाद कार्यालय से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे वहां भी प्रदर्शन किया। समाचार लिखे जाने तक अभ्यर्थी बीएसए कार्यालय पर धरना कर रहे थे। आंदोलन देर शाम तक चलता रहा और तभी समाप्त हुआ जब बीएसए ने रविवार को नियुक्ति पत्र जारी करने का ऐलान किया।
परिषदीय विद्यालयों में 16448 सहायक अध्यापक भर्ती के तहत जिले में प्रक्रिया चल रही है। जिसमें जिले में चयनित 209 अभ्यर्थियों को शनिवार को राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया द्वारा स्टेशन रोड स्थित जनसंपर्क कार्यालय पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जाना था। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा शिक्षामित्रों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने का आदेश दिया गया। जिसके बाद नए सिरे से चयन सूची बनाने के लिए नियुक्ति पत्र वितरण नहीं किया। हाईकोर्ट द्वारा शिक्षामित्रों को चयन सूची में शामिल करने के आदेश से नियुक्ति पत्र का वितरण नहीं हो सका। नियुक्ति पत्र वितरण नहीं होने की सूचना के बाद भी अभ्यर्थी शनिवार को बीएसए कार्यालय पर एकत्रित हुए।
कड़ी नाराजगी जताते हुए वाहन को रोककर कड़ा विरोध जताया। बीएसए द्वारा सोमवार को नियुक्ति पत्र वितरण करने की बात के बाद भी अभ्यर्थी नहीं माने और जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां भी अभ्यर्थियोें ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचे सिटी कोतवाल सुनील सिंह और महिला थाना प्रभारी रीता यादव ने प्रदर्शनकारियों को समझाया। इसके बाद अभ्यर्थी दोबारा बीएसए कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। काफी देर तक उनकी मनुहार होती रही लेकिन वे नियुक्ति पत्र की प्राप्ति पर अड़े रहे। आखिर में बीएसए ने पत्र बांटने का आश्वासन देकर आंदोलन खत्म कराया।इस दौरान गणेश ओझा, शरद पांडेय, रामचरन पटेल, अरुण कुमार पटेल, अलिशा गौतम, हिमांशु सिंह, खुशबु सोनकर, सोनू, रीतू, अर्चना सिंह मौजूद रहे।