मड़िहान तहसील क्षेत्र के मुस्किरा गांव निवासी सतेंदर सिंह के खेत के पास तालाब में वर्षों से डेरा जमाए मगरमच्छ को बृहस्पतिवार को लालगंज वन रेंज के कर्मियों ने जेसीबी की मदद से खोदाई कर बाहर निकाला।
लगभग 10 माह से वन कर्मी उक्त खेत के पास तालाब पर हर दिन पहुंचकर मगरमच्छ की टोह लेते रहे। इससे पहले वन कर्मियों ने कई बार मगरमच्छ को पकड़ने की योजना बनाई, लेकिन तालाब में पानी भरा होने के चलते योजना विफल हो जाती रही। इधर, कुछ दिनों से गर्मी और तेज धूप के चलते तालाब का पानी सूख गया था। तालाब स्वामी सतेंदर सिंह लगातार लालगंज के रेंजर से मगरमच्छ पकड़ने की गुहार लगा रहे थे। बृहस्पतिवार को जेसीबी के साथ तालाब तक पहुुंचे वन कर्मियों ने लगभग 30 फीट जमीन की खदाई करने के बाद रस्सी के सहारे मगरमच्छ को पकड़ा और बाद में उसे सिरसी जलाशय में छोड़ दिया। मगरमच्छ पकड़ने वाली टीम में वन दरोगा दशमी राम यादव, वन रक्षक महेंद्र सिंह, अनादिनाथ तिवारी, अवधेश कुमार यादव आदि शामिल रहे।