विंध्याचल रोड स्थित सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन स्कूल में द्वितीय इंटर स्कूल तथा डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ रविवार को हुआ। पहले दिन मेजबान टीम के प्रीतम यादव जूनियर बालक और विनिता साहनी जूनियर बालिका प्रथम स्थान पर रहे। प्रतियोगिता पांच सितंबर तक चलेगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्य शिवानी कौशिक ने कहा कि स्वस्थ मस्तिष्क के लिए स्वस्थ शरीर जरूरी है। शरीर के विकास के लिए खेलना चाहिए। प्रतियोगिता में शेमफोर्ड, लायंस स्कूल, सेंट मेरीज एवं सेठ द्वारका प्रसाद बजाज स्कूल के बच्चे भाग ले रहे हैं। कैडेट वर्ग बालक, बालिका, सब जूनियर, जूनियर तथा 21 वर्ष से ऊपर के खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं हो रही हैं। पहले दिन जूनियर बालक वर्ग में प्रीतम यादव प्रथम, हर्ष यादव द्वितीय और अर्म्थय यादव तीसरे स्थान पर रहे। वहीं जूनियर बालिका वर्ग में विनिता साहनी प्रथम, आरोही श्रीवास्तव द्वितीय, विश्वा सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। प्रबंधक पारितोष बजाज ने कहा कि बच्चे खेल को खेल भावना से खेलें, जिससे उनका चतुर्दिक विकास हो सके। वहीं सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमार ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पीयूष तैलंग, आलोक यादव कोच, बीके सिंह, मनोज तिवारी, वंदना यादव तथा कृष्ण मोहन गोस्वामी मौजूद रहे।