अलमी जंगल में लगी आग, चारो तरफ उठ रहा धुआं।-सोशल मीडिया।
हलिया। ड्रमंडगंज वनरेंज के महोगढ़ी जंगल में शुक्रवार को लगी आग बुझाने के बावजूद धधक कर दूसरे दिन शनिवार दोपहर बबुरा वनक्षेत्र के अलमी जंगल तक पहुंच गई है। पहाड़ के ऊपरी हिस्से में लगी आग को बुझाने में वनविभाग की टीम को पसीने छूट रहे हैं।
लगभग एक किमी क्षेत्र में फैली आग से घिरे वन्यजीवों के जीवन पर संकट मंडरा रहा है। वहीं आग से नीम, खैर,तेंदू, पलाश, सलई आदि जंगली पेड़ जलकर नष्ट हो रहे हैं। अलमी जंगल में लगी आग को शनिवार देर शाम तक वनविभाग की टीम आग बुझाने में जुटी रही। लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी ने बताया कि शनिवार दोपहर में आग बुझाने के दौरान धुएं के कारण मधुमक्खियों उड़ने से आग बुझाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अलमी जंगल में लगी आग को बुझाने का तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।