चुनार। एक इस्पात फैक्टरी से पांच दिन पहले ट्रक में लोहे की पाइप डालकर पहुंचाने के लिए गोंडा गया चालक सूरज कुमार पटेल गाड़ी लेकर माल समेत लापता हो गया। मामले में जांच में जुटी पुलिस ने चालक को बनारस से गिरफ्तार कर लोहे की पाइप को जब्त कर ली।
थाना क्षेत्र के दुमदुमा स्थित मां महामाया इस्पात एवं एलायज प्राइवेट लिमिटेड सरिया कारखाने से सात दिन पहले गोंडा के लिए लोहे की पाइप लदी ट्रक व्यापारी तक न पहुचनें पर फैक्ट्री संचालक कैलाशनाथ अग्रवाल ने चार मई को कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस छानबीन में ट्रक चालक ही आरोपी निकला। पुलिस ने ट्रक चालक सूरज कुमार पटेल निवासी मधुमखियां थाना कपसेठी जिला वाराणसी को शुक्रवार की शाम छह बजे वाराणसी जिले के थाना बड़ागांव अंतर्गत साधोगंज गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस ने सूरज के पास से 246 लोहे की पाइप भी बरामद कर ली। पाइप की कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया मामले से संबंधित सूरज कुमार पटेल को कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।