मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने पंचायत चुनाव में पड़े मतों की गिनती के लिए ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों के प्रशिक्षण के बाबत बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया का निरीक्षण किया। मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण 29 अप्रैल से शुरू होगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण स्थल की सम्पूर्ण तैयारी शाम तक पूर्ण करा ली जाए। ताकि प्रशिक्षण में किसी भी प्रकार का व्यवधान न हो। मतगणना कार्य में लगाये गये कर्मचारियों का प्रशिक्षण तीन सत्रों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम सत्र सुबह नौ बजे से 11 बजे, दूसरा सत्र 12 बजे दोपहर से दो बजे तक तथा अंतिम सत्र तीन बजे से प्रारंभ होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।