मिर्जापुर। कोरोना संक्रमण फैलने के कारण काफी संख्या में कोविड लक्षण वाले लोग जांच कराने के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंच रहे है। मंडलीय अस्पताल के अलावा अन्य कहीं जांच नहीं हो रहा है। इस कारण लोग मंडलीय अस्पताल पहुंच रहे हैं।इससे कोविड जांच कराने में लोगों को चार से पांच घंटे तक लग जा रहे हैं।
पहले नगरपालिका परिसर और अन्य स्थानों पर कैंप लगाकर ही जांच होती थी। परंतु इस समय मंडलीय अस्पताल और रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की एंटीजन जांच कराई जा रही है। आरटीपीसीआर जांच सिर्फ मंडलीय अस्पताल में हो रही है। मंडलीय अस्पताल में जांच कराने आने वाले लोग सुबह आठ बजे पहुंच जा रहे हैं। अस्पताल के फीवर हेल्प डेस्क पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद उनको चार से पांच घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। रजिस्ट्रेशन के बाद लोगों को जांच के लिए स्वैब देने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। दोपहर 12 बजे से एक बजे के बाद ही जांच के लिए स्वैब लिया जाता है। सुबह से जांच कराने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि स्टाफ की कमी है। कई लोग संक्रमित हुए हैं। इसके बाद जिसकी ड्यूटी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर लगी है। उसी एलटी और वार्ड ब्वाय को स्वैब भी लेना रहता है। इसके अलावा वार्ड में जाकर भी सैंपल लेना रहता है। सीएमओ डा. पीडी गुप्ता ने बताया कि निजी लैब में जांच के लिए प्रयास किया जा रहा है।