ड्रमंडगंज। थाना क्षेत्र के बरबसा गहरवार गांव में बृहस्पतिवार को कमरे में विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। घर में उसके देवर की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से खुशियों की जगह घर में मातम पसर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरबसा गहरवार गांव निवासी सरिता केशरवानी (32) पत्नी रविशंकर केशरवानी ने दोपहर में अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। महिला के पति रविशंकर ने बताया कि सरिता ने पहले अपनी मां सरोजा देवी को फोन कर बताया था कि वह फंदे पर लटकने जा रही है। पुत्री की बात सुन घबराई मां ने दामाद रविशंकर को फोन कर इसकी जानकारी दी। उसके बाद रविशंकर ने जाकर देखा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो रविशंकर आनन-फानन में बगल के लोगों को बुलाकर दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगा। किसी तरह दरवाजा खोलने के बाद देखा तो उनकी पत्नी छत की कुंडी में साड़ी के फंदे पर लटकी मिली। महिला को फंदे से नीचे उतारा गया लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ किया। मृतका के देवर लक्ष्मी नारायण की 29 अप्रैल को शादी होने वाली थी। मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि महिल ने फंदे पर लटककर जान दे दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।