स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के सक्तेशगढ़ स्थित आश्रम में पिछले दिनों गोली चलने से एक बाबा की मौत और दूसरे बाबा के घायल होने के मामले में प्रशासन की तरफ से गठित जांच कमेटी ने शनिवार को आश्रम पहुंच कर जांच पड़ताल की। कमेटी के लोगों ने वहां स्वामी अड़गड़ानंद के साथ ही अन्य साधुओं से भी बात की। टीम रविवार को भी आश्रम जाकर पड़ताल करेगी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। जांच समिति ने स्वामी जी से आश्रम आने वाले लोगों का सत्यापन किए जाने की बात कही।
स्वामी अड़गड़ानंद के आश्रम में बृहस्पतिवार की सुबह गोली चलने की घटना हुई थी। आश्रम से निष्कासित जीवन बाबा दो तमंचे के साथ आश्रम पहुंचा था। वहां जीवन बाबा ने आशीष बाबा की कमर में गोली मारने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने जांच टीम का गठन किया था।
इसके अलावा आश्रम में आने वाले लोगों के वेरिफिकेशन और घटना की जांच के लिए डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार की तरफ से भी एडीएम शिव प्रताप शुक्ला के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। इस बीच शनिवार को दोपहर में एडीएम और एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा के साथ सीओ चुनार रामानंद राय, तहसीलदार नुपुर सिंह, सीओ ट्रैफिक अरुण सिंह, सीओ प्रशिक्षणाधीन परमानंद, चुनार कोतवाल त्रिवेणी सेन और विंध्याचल कोतवाल विनीत राय आश्रम पहुंचे। टीम ने आश्रम में जांच पड़ताल की। एडीएम और एएसपी सिटी ने स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से बात की।
उन्होंने कहा कि अपराधी को आश्रम में शरण नहीं दी जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी अपराधी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई करें। टीम ने स्वामी जी से आश्रम में आने वाले लोगों का सत्यापन किए जाने की बात कही। अधिकारियों का कहना था कि कौन बाबा कहां से आ रहा है, उसके सत्यापन की व्यवस्था होनी चाहिए। इस कार्य में अधिकारियों ने स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से सहयोग मांगा। अधिकारियों ने उनसे जो नए व्यक्ति आश्रम में आए हैं, उनका नाम व पता आदि की जानकारी भी मांगी। ताकि उनका सत्यापन हो सके।
स्वामी अड़गड़ानंद से बात करने के बाद टीम ने 30-40 अन्य बाबाओं से पूछताछ कर जानकारी ली। ताकि उनका सत्यापन किया जा सके। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि एडीएम और एएसपी की कमेटी जांच के लिए गठित की गई है। टीम हर बिंदु पर जांच करने के लिए शनिवार को आश्रम गई थी। कमेटी वहां के लोगों से सामंजस्य बनाकर कुछ दिन जांच करेगी। कमेटी जांच कर रिपोर्ट देगी। उसके बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे।