सांसद अनुप्रिया पटेल किसानों की समस्याओं को लेकर रविवार को मंडलायुक्त से आवास पर मिली। सांसद ने मंडलायुक्त को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। उन्होंने किसानों के लिए सब्सिडीयुक्त खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल और बिजली देने की मांग की।
सांसद ने कहा कि कई दिनों से क्षेत्र में भ्रमण के दौरान पाया कि बरसात नहीं होने के कारण किसान कठिनाई से गुजर रहे हैं। खरीफ की फसल सुख रही है, जिससे जोताई, रोपाई, खाद और बीज, मजदूरी आदि का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था वाले क्षेत्रों को छोड़कर शेष जनपद भयंकर सूखे की चपेट में आ गया है।
जनपद को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। साथ ही खरीफ की फसलों को बचाने और रबी की बोआई और जोताई के लिए दो शिफ्टों में कम से कम आठ घंटे बिजली आपूर्ति करने की मांग किया।
सांसद ने कहा कि विगत वर्ष हुदहुद आदि दैवीय आपदा से नष्ट फसलों का किसानों को आजतक मुआवजा नहीं मिला है। जिसे किसानों को तत्काल दिया जाए। मंडलायुक्त से कहा कि पठारी क्षेत्र राजगढ़, मड़िहान और पटेहरा आदि को सूखा से बचाने के लिए सोनलिफ्ट को पूरी क्षमता से 24 घंटे चलाकर पानी पहुंचाया जाए।
वहीं अहरौरा कमांड को सुखने से बचाने के लिए भोपौली पंप कैनाल से नरायनपुर पंप कैनाल से पानी आपूर्ति की मांग किया। कहा कि सिंचाई व्यवस्था के लिए जनपद के सभी पंपिंग स्टेशनों और ट्यूबवेलों की स्थिति का अवलोकन कराया जाए।