चील्ह। थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित दुकान में सो रहे बाइक मिस्त्री की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होनेे पर विसरा सुरक्षित रखा दिया गया है। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर बाइक मिस्त्री की हत्या का आरोप लगाया है। लोगों ने ट्वीट कर हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
क्षेत्र के मझलीपट्टी निवासी अंशुमान सिंह (24 )बाइक मिस्त्री था। हनुमाननगर में उसकी दुकान है। सोमवार को रात को घर से खाना खाकर दुकान पर आया। बाइक बनाने के बाद सो गया। बाइक की इंजन को रवा करने के लिए स्टार्ट कर सो गया। लेकिन सुबह दुकान से बाहर नहीं आया। पुलिस के मुताबिक सुबह लोग कमरे में गए तो बाइक चालू थी। कमरे में धुआं भरा था। अंशुमान की मौत हो चुकी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं आया। विसरा को सुरक्षित रखा गया है। परिजनों का आरोप है कि अंशुमान सिंह की हत्या की गई है। अंशुमान सिंह की मां माधुरी सिंह ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि उसके पुत्र की हत्या की गई है। उसके शरीर में सिगरेट से जलाए जाने का भी निशान है।