मिर्जापुर। विवाह के दिन दूल्हा और दुल्हन ने फेरे लेने से पहले जयमाल के बाद स्टेज पर कैंसर मरीजों के इलाज के लिए एक संस्था को 25 हजार रुपये का चेक दिया।
विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट की तरफ से टाटा मेमोरियल होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल सहित अन्य मरीजों के इलाज के बाबत रक्त, सिंगल डोनर प्लेटलेट्स दान करने के लिए शिविर लगाया जाता है।
प्रखर भट्ट संस्था के सदस्य हैं। उनके बड़े भाई प्रांजल भट्ट की बुधवार को शादी थी। प्रखर ने परिवार के लोगों से कैंसर मरीजों की मदद के लिए काम कर रही संस्था को आर्थिक सहायता देने बात की। भरुहना स्थित लॉन में शादी के दिन दूल्हे प्रांजल ने अपनी दुल्हन श्वेता के साथ फेरे लेने से पहले जयमाल के बाद स्टेज पर कैंसर मरीजों की मदद के लिए संस्था के अध्यक्ष कृष्णानंद हैहयवंशी को 25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
प्रांजल ने कहा कि जरूरतमंदों की हमेशा मदद करनी चाहिए। उनके दिए पैसे से किसी मरीज की मदद होगी। इससे बड़ी खुशी की बात और कुछ नहीं हो सकती है। कृष्णानंद हैहयवंशी ने कहा कि संस्था रक्तदान के साथ ही कैंसर मरीजों के लिए को एसडीपी डोनेट करने के लिए तत्पर रहती है। इस तरह की पहल से उन्हें और बल मिलेगा। इस दौरान आशुतोष हैहयवंशी, विनय कुमार, हिमांशु कसेरा, मोहित कसेरा, अमन सेठ, कीरत सिंह डंग, आदित्य बरनवाल, अक्षत गुप्ता, हर्षित वर्मा, शशांक गुप्ता आदि मौजूद रहे।