अहरौरा। चरवाहे की सूचना पर पुलिस ने सोमवार की सुबह शेखवां गांव के पहाड़ी की तलहटी में एक युवक का शव बरामद किया है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस टूटे हुए मोबाइल फोन से पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पहाड़ी की तलहटी में बसे शेखवां गांव के किनारे सोमवार की सुबह चरवाहे ने औधे मुंह पड़े युवक का शव देखा। गांव में पहुंचकर उसने ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने युवक का शव कब्जे में ले लिया।
युवक के पर्स में कीटनाशक की शीशी, कुछ कागज के टुकड़े मिले हैं। वह हल्के नीले रंग की जींस व बदामी रंग का टी शर्ट व स्लीपर पहने था। पुलिस मोबाइल फोन के जरिये पहचान करने में जुटी हुई है। सोशल मीडिया पर भी फोटो अपलोड कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। थानाध्यक्ष अजय कुमार सेठ ने बताया कि शेखवां गांव की पहाड़ी के किनारे एक युवक का शव मिला है। उसका शरीर काला पड़ गया है। शव के पास मोबाइल फोन, पर्स और कीटनाशक की शीशी मिली है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।