बैंकों के बाहर लाइन में लगे उपभोक्ताओं के बीच हो रही झड़प
नोट बंदी के फैसले को सही ठहराने के लिए यदि सरकार ने शीघ्र पांच सौ के नये नोटों को बाजार में नहीं उतारा तो हालत बिगड़ सकते हैं। बैंकों में लाइन में लगे लोगों के बीच झड़प के बाद अब मारपीट तक मामला पहुंच चुका है। स्टेट बैंक के लालडिग्गी स्थित शाखा में लाइन में लगे हुए लोगों के बीच बुधवार को विवाद होने पर पुलिस को हस्तक्षेेप करना पड़ा। इसी प्रकार रमईपट्टी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर दो महिलाएं आपस में इस कदर भिड़ गईं कि लोगों के साथ साथ मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
एक दूसरे को देख लेने तक की धमकी दी गई। इसी प्रकार वासलीगंज स्थित यूनियन बैंक और बैंक आफ इंडिया के बाहर भी लोगों में नोक झोंक हुई। बैंककर्मियों का धैर्य भी अब जवाब दे गया है। थोड़ी सी बात पर वे उपभोक्ताओं से झल्ला कर बात कर रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि रसूखदार लोग देर शाम बैंकों में जा कर रुपये बदल रहे हैं। बरियाघाट पर स्थित यूनियन बैंक में देर शाम तक यह स्थिति देखने को मिल रही है जब चारपहिया से आ कर रसूखदार लोग बैंकर्मियों की मिलीभगत से नोटों की अदला बदली कर रहे हैं। इससे भी उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है।