Snake Attack News: मिर्जापुर में लालगंज क्षेत्र के परसिया गांव में बीती रात एक साहसी महिला ने जो किया वह हिम्मत और सतर्कता का एक अनोखा उदाहरण बन गया। 50 वर्षीय गीता देवी को उनके घर में बैठने के दौरान अचानक एक सांप ने काट लिया। गीता देवी ने साहस दिखाते हुए न सिर्फ अपना संयम बनाए रखा, बल्कि उस सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद किया। मामला यहीं नहीं रुका। महिला खुद इलाज के लिए सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंच गईं।
चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार गीता देवी को सांप के साथ देखकर चौंक गए। उन्होंने तुरंत महिला की जांच की। गनीमत रही कि सांप विषैला नहीं था। प्राथमिक उपचार के बाद गीता देवी को घर भेज दिया गया। इस घटना ने ग्रामीणों के साथ-साथ चिकित्साकर्मियों को भी चौंका दिया। डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जो इतनी समझदारी और साहस का परिचय देते हैं।