बिरोही–गैपुरा रेल खंड के मध्य नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन का निरीक्षण करते रेल संरक्षा आयुक्त पूर
- रेल संरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर परिमंडल ने बिरोही–गैपुरा खंड की नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन का किया संरक्षा निरीक्षण
मिर्जापुर। रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने शुक्रवार को बिरोही–गैपुरा रेल खंड के मध्य नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्रॉली से निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद गैपुरा स्टेशन की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जांच की। निरीक्षण के अगले चरण में गैपुरा से बिरोही के बीच डीजल लोकोमोटिव द्वारा स्पीड ट्रायल किया गया, जिसके माध्यम से ट्रैक की गुणवत्ता और परिचालन क्षमता का परीक्षण किया गया।
बिरोही–गैपुरा खंड के मध्य तीसरी रेल लाइन का निर्माण पूर्ण होने के उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त की ओर से यह निरीक्षण किया गया। यह रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद इस नई तीसरी रेल लाइन पर रेल परिचालन शुरू किया जाएगा। परियोजना के पूर्ण रूप से चालू होने पर इस व्यस्त रेल मार्ग की लाइन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हो सकेगा। साथ ही यात्री एवं मालगाड़ियों के परिचालन में दक्षता बढ़ेगी तथा भविष्य में बढ़ते रेल यातायात के संचालन में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अजीत सिंह यादव, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मो. मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यूसी शुक्ला, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) मयंक राणा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-प्रथम अंकित गुप्ता सहित उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के निर्माण विभाग तथा प्रयागराज मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।