मिर्जापुर। सोमवार को हर पल मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह तेज धूप से दिन की शुरूआत हुई। 48 घंटे में तापमान में तीन डिग्री तापमान बढ़ गया। सुबह नौ बजे के बाद अचानक बादल घिरने से जनपद के कुछ क्षेत्र में हुई बारिश के बाद उमस बढ़ गई।
दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस किया गया था। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सोमवार को हुई बारिश से रमईपट्टी कनौराघाट मार्ग पर नयेपुरवा, अघौली, अर्जुनपुर में जलभराव हो गया।
इसी तरह पांडेयपुर-धौरुपुर मार्ग, मिर्जापुर-भटौली मार्ग, सखौरा पंप नहर से बगत वीरशाहपुर मार्ग व मिर्जापुर-वाराणसी मार्ग पर भरुहना के पास जल निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क के किनारे जगह-जगह पानी भरा रहा।
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, भू भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी मौसम वैज्ञानिक शिव मंगल सिंह ने मौसम पूर्वानुमान के आधार पर बताया कि मंगलवार तक मौसम इसी तरह बना रहेगा।
कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।
लालगंज सीएचसी में पहुंचे मौसमी बीमारी के 650 मरीज
लालगंज। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण सोमवार को लालगंज सीएचसी में सर्दी-जुकाम, बुखार, पेट दर्द, उल्टी-दस्त, खाज-खुजली जैसी मौसमी बीमारियों के 650 मरीज पहुंचे। सुबह सात बजे ही पंजीकरण काउंटर पर लंबी कतार लग गई। डॉक्टरों ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण और पाचन संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। मरीजों के उपचार के लिए फिजिशियन डॉ. योगेश द्विवेदी, डॉ. मनिंदर सिंह, डॉ. ऋचा सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह के साथ जांच प्रभारी मुकेश सिंह और राजेश श्रीवास्तव की टीम दिनभर सक्रिय रही।