विंध्याचल। थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी को तमंचा सटाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक पर केस दर्ज कर लिया है। युवक के परिवार के छह सदस्यों पर मारपीट और पथराव करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
किशोरी की मां ने तहरीर देकर शिकायत की थी कि पड़ोसी समीर हाशमी उसकी पुत्री को दो साल से धर्म परिवर्तन करने की धमकी देता है। बात न मानने पर पिता और भाई की हत्या की धमकी दे रहा है। बताया कि बुधवार की सुबह पुत्र और पुत्री दुकान पर थे। तभी समीर के परिवार के सलमान, मुन्ना हाशमी, मेराज हाशमी, अरबेज, समीर की माता, उसकी चाची और अन्य लोगों ने दुकान पर पथराव कर शिकायत वापस लेने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी समीर हाशमी, सलमान, मुन्ना हाशमी, मेराज हाशमी, अरबेज, समीर की माता, उसकी चाची और अन्य अज्ञात पर धर्म परिवर्तन के लिए धमकी देने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। जांच के लिए एसपी भी थाने पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।