चुनार। थाना क्षेत्र के ऐबकपुर मोहाना मोहल्ले में मंगलवार की रात युवक ने फंदे से लटक कर जान दे दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने माता-पिता को सूचना दी। माता-पिता के आने पर शव को फंदे से उतरवाया गया।
मनोज रावत (40) पुत्र राजेंद्र प्रसाद क्षेत्र में स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे। उनके माता-पिता वाराणसी में रहते हैं। पुलिस के अनुसार युवक का पत्नी से संबंध विच्छेद हो चुका था। मंगलवार की रात करीब आठ बजे आस-पास के लोगों ने मनोज को घर आते देखा था। उसके कुछ ही देर बाद खिड़की से लोगों ने युवक को कमरे के अंदर पंखे में गमछे के सहारे लगे फंदे से लटकते देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के माता-पिता को घटना से अवगत कराया। माता-पिता के मौके पर आने के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर फंदे से लटक रहे युवक के शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक मजदूरी करके जीवन-यापन करता था। युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में कोई कुछ नहीं बता पा रहा है। चुनार कोतवाल नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फंदे से युवक के लटकने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले की छानबीन की जा रही है।