विंध्याचल थाना क्षेत्र के अकोढ़ी बगीचा के समीप रेलवे लाइन के पास खड़ी किशोरी बुुधवार को सुबह ट्रेन के आगे कूद गई। इससे ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। उसके साथ गए उसके भाई ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
क्षेत्र निवासी सोनी सरोज (17) उर्फ फोटो पुत्र योगेंद्र सरोज सुबह अपने छोटे भाई के साथ अकोढ़ी बगीचा की ओर आई थी। वह रेलवे ट्रैक के पास टहल रही थी। इस दौरान मिर्जापुर से प्रयागराज जा रही जोधपुर हावड़ा ट्रेन आने पर वह उसके आगे कूद गई। ट्रेन के आगे कूद जाने से उसकी मौत हो गई। यह सब देख उसके छोटे भाई के होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो आस-पास के लोग जुट गए। लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी ने आत्महत्या क्यों की, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। विंध्याचल कोतवाल नीरज पाठक ने बताया कि किशोरी अपने छोटे भाई के साथ अकोढ़ी बगीचा की ओर गई थी। रेलवे ट्रैक के पास टहल रही थी। ट्रेन आने पर कूद कर उसने जान दे दी। उसकी मां उसके बुआ का इलाज कराने गई थीं। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।