पुलिस लाइन में अभ्यास के दौरान पत्थर चलाते दंगाई । स्रोत- पुलिस
मिर्जापुर। होली को देखते हुए पुलिस लाइन मैदान में दंगा और बलवा होने पर कम से कम बल प्रयोग कर उसे काबू में लाए जाने का अभ्यास कराया गया। इसमें दंगाईयों को काबू में करने और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का अभ्यास शामिल है।
सीओ लाइन गायत्री यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार दोपहर पुलिस लाइन पहुंची। वहां पर शहर का भीड़-भाड़ वाला माहौल तैयार किया गया। जहां पर अचानक दंगा हो जाता है।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ियां पहुंचती हैं। पहले फायर बिग्रेड की टीम दंगाईयों पर पानी की बौछार कर नियंत्रित करने का प्रयास करती है।
इसके बाद भी दंगा नहीं रुकता है तो आंसू गैस के गोले छोड़े जाते हैं। कुछ हद तक दंगा काबू में आता है पर कुछ दंगाई पुलिस पर ईंट-पत्थर से हमला करते हैं। इनसे बचते हुए अधिकारियों का आदेश मिलने के बाद पुलिस लाठी चार्ज और हवाई फायरिंग कर दंगे को नियंत्रित करती है।
इस दौरान दूसरी टीम दंगे में घायल लोगों को एंबुलेंस में लादकर अस्पताल पहुंचाने में लग जाती है।
सीओ गायत्री यादव ने बताया कि त्योहार को देखते हुए दंगा और बलवा नियंत्रित का अभ्यास कराया गया।
पुलिस लाइन में अभ्यास के दौरान पत्थर चलाते दंगाई । स्रोत- पुलिस