विंध्याचल थाना के नदिनी गांव में शिक्षक अनुज सिंह के मौत के बाद रोते बिलखते परिजन ।
- फोटो : MIRZAPUR
जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के नदिनी गांव में गुरुवार को संदिग्ध हालात में एक शिक्षक का आम की डाली से लटकता शव मिला। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में डाली से शव को नीचे उतार कर घर लाए। सूचना पर पहुंची विंध्याचल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या कर फंदे से शव लटकाने का आरोप लगाया है।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के नदिनी गांव निवासी अनुज सिंह 22 वर्ष पुत्र अशोक कुमार सिंह देवीपुर में एक नर्सरी विद्यालय में शिक्षक था। बुधवार की शाम करीब साढ़े छ: बजे वह घर से यह कह कर निकला कि नौगांव निवासी जुगनू शुक्ल व सोनू (विश्वदीप शुक्ल) का फोन आया है उनसे मिलकर आ रहा है। परिजनों का कहना है कि उसके बाद न तो कोई फोन आया और न ही अनुज रात को घर लौटा। गुरुवार की सुबह सात बजे उस समय हड़कंप मच गया जब नहर के किनारे स्थित शिवराज के बाग में आम की डाली पर नाइलान की रस्सी के सहारे लटकता शव मिला। घटना की जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश स्वरूप पांडेय, क्षेत्राधिकारी संजय कुमार सिंह तथा विंध्याचल व जिगना पुलिस मौके पर डाग स्क्वाड व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई। मृतक के चाचा मुकेश सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है। विंध्याचल पुलिस एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। परिजनों ने अनुज की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।