मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में राजस्व व भूमि विवाद संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। साथ ही विवादित जमीन संबंधी मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए जरूरी जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने राजस्व व पुलिसकर्मियों से कहा कि राजस्व अभिलेखों में अंकित चरागाह, चक मार्ग, नवीन परती, बंजर भूमि के अलावा सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका आदि की जमीन पर यदि किसी के द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है तो उसे चिह्नित कर नियामानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जमीन को खाली कराकर वहां पत्थर गाड़कर सीमांकन कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी के द्वारा दोबारा अवैध कब्जे का प्रयास किया जाता है तो उसके खिलाफ भू-माफिया के अन्तर्गत कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण स्पष्ट निस्तारण कराकर आख्या भेजें और निस्तारण संतुष्टिपूर्ण हो। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि यदि दोनाें पक्ष लाइसेंसधारी हैं और विवाद बढ़ने की आशंका हो तो दोनों के लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजकर असलहों को जब्त भी करें। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व शिव प्रताप शुक्ल, एएसपी नक्सल ओपी सिंह, नगर नितेश सिंह आदि मौजूद रहे।