मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा की। इसमें पंचायत चुनाव के मद्देनजर थाना प्रभारियों को गोलबंदी करने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि गांवों में पार्टी बंदी के मामलों पर नजर रखें। हर छोटे-बड़े विवाद को गंभीरता से लें। पुरानी घटनाओं के आधार पर संवेदनशील स्थलों को चिह्नित करें। अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि पुलिस का प्रयास रहे कि विवाद की आशंकाओं को कम किया जाए। अवैध शराब माफिया, भू माफिया, वन माफिया के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। गैंगस्टर अधिनियम और गुंडा एक्ट की गुणात्मक कार्रवाई कर चुनाव को दृष्टिगत शस्त्रों को जमा कराएं। शांतिभंग की कार्रवाई में पाबंद करें।
एसपी ने कहा कि जिले के टॉप-10 अपराधियों, चार्जशीट, एफआर का दाखिला, मालों का निस्तारण, खनन माफिया, महिला संबंधी अपराधों में अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। पॉक्सो और दुष्कर्म जैसे मुकदमों की विवेचना का निस्तारण, बाइकर्स गैंग के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। पुराने अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। दुर्घटना से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करने, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, शस्त्र लाइसेंस की रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित कर, आईजीआरएस और अन्य शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी यूपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन महेश सिंह अत्री, उपजिलाधिकारी मड़िहान रोशनी यादव, सीओ नगर प्रभात राय आदि सीओ, थानाध्यक्ष और अधिकारी मौजूद रहे।