मतदाता सूची प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद जिलाधिकारी ने गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पड़री का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने अनुपस्थित पाए गए पांच चिकित्सकों में दो के निलंबन और तीन को कारण बताओ नोटिस जारी करने सीएमओ को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका, प्रसव कक्ष, आपरेशन थियेटर, जननी सुरक्षा, औषधि भंडारण कक्ष, टीकाकरण आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में तैनात 23 कर्मचारियों व 14 संविदा कर्मियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पांच चिकित्सकों के अनुपस्थित होने पर नाराजगी जताते हुए सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की बात कही। स्वास्थ्य केंद्र पर छह चिकित्सक तैनात हैं, जिसमें सिर्फ संविदा डाक्टर रेनू सिंह उपस्थित रहीं।
जिलाधिकारी ने दो चिकित्सकों डा. संतोष सिंह व डा. अनस वाहा सिद्दीकी द्वारा कहीं और काम करने की सूचना पर उनके निलंबन व बाकी अनुपस्थित तीन अन्य चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस देने के लिए सीएमओ को निर्देश दिया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने शिकायत किया कि जननी सुरक्षा में प्रसव के दौरान कर्मचारियों द्वारा आर्थिक शोषण किया जाता और समय पर जननी सुरक्षा योजना का चेक नहीं दिया जाता है। इसे गंभीरता से लेते हुए
जिलाधिकारी ने सीएमओ से बात कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के समस्त अधिकारियों कर्मचारियों को चेतावनी दी कि टीकाकरण, प्रसव, जननी सुरक्षा चेक व मरीजों के उपचार में लापरवाही बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व डीएस उपाध्याय, एसडीएम सदर अशोक कनौजिया आदि मौजूद रहे।