अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को हर तरफ सर्वे संतु निरामया की वैदिक परिकल्पना को साकार करने के लिए लोगों ने योग, आसन और प्राणायाम किया। पूरा निरोग रहने की कामना से सुबह ही पार्कों, सार्वजनिक स्थलों पर उमड़ पड़े। योग की कक्षाएं लगीं, जहां लोगों ने सेहतमंद रहने की तरकीब सीखी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने राजकीय इंटर कालेज महुवरिया में योग शिविर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि योग दिवस पर एक ज्योति जलाई जाती है। मगर स्वस्थ, स्वच्छ एवं निरोग बनाने के लिए योग को आत्मसात करना जरूरी है।
राज्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय ऋषियों की देन है और इसे हमारी जीवन शैली का हिस्सा होना चाहिए। दुनिया भर के लोग इसे अपना रहे हैं तो हम क्यों पीछे रहें। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों व प्रेरणा से संयुक्त राष्ट्र ने दो वर्ष पूर्व 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की थी। योग क्रिया को परमात्मा से मेल का साधन भी माना जाता है। उन्होंने नगर में स्थित लालडिग्गी पार्क को योग पार्क बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा इस योग पार्क में प्रतिदिन लोगों को योग करने के लिए पार्क को सुव्यवस्थित कराया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर जिलाधिकारी किसान सचल सेवा वाहन को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, आयुक्त विंध्याचल मंडल मुरली मनोहर लाल, डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी विजय बहादुर, संयुक्त मजिस्ट्रेट अश्वनी कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर अविनाश त्रिपाठी, उप निदेशक सूचना विनोद कुमार पांडेय, बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी, सत्यंबदा सिंह शशांक शेखर द्विवेदी, रामकुमार विश्वकर्मा मुकेश दीक्षित सहित सैकड़ो लोगों ने भाग लिया। धन्यवाद ज्ञापन जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे ने किया।