मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को नक्सल प्रभावित मड़िहान थाना क्षेत्र के कंचनपुर पहाड़ी पर पुलिस एवं पीएसी के साथ कांबिंग की। इस दौरान उन्होंने मातहतों को जनता से सामंजस्य बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने मातहतों से कहा कि पुलिस और जनता के मध्य संवाद बनाए रखने से पुलिस के प्रति विश्वास में बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संदिग्ध संभावित स्थानों को सर्च करते हुए संदिग्ध गतिविधियों के बारे में सूचना संकलन की कार्रवाई की। कांबिंग में प्रभारी निरीक्षक मड़िहान, पीआरओ पुलिस अधीक्षक सहित पर्याप्त संख्या में पीएसी व पुलिस बल मौजूद रहा। इसके पूर्व उन्होंने मड़िहान थाना का भी निरीक्षण किया। मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत थाने पर बनाए गए महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया और मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों का अवलोकन किया। भूमि विवादों मे समयबद्ध कार्यवाही, माफियाओं, टॉपटेन अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही तथा शिकायती प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध निस्तारण करने, पंजीकृत अभियोगो की विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण, मुकदमों में प्रभावी पैरवी, जेल से छूटे हुए अपराधियों का सत्यापन/निगरानी एवं हिस्ट्रीशीटरों/पुराने अपराधियों के गतिविधियों पर सर्तक दृष्टि रखते हुए निगरानी और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे की प्रभावी पैरवी करते हुए साक्ष्यों का समयबद्ध न्यायालय में परीक्षण कराकर दोषियों को सजा दिलाने के सार्थक प्रयास किए जाने के लिए निर्देशित किया गया।