तापमान में गिरावट न होने और उमस के चलते लोग बेहाल हैं। घर में पंखे के सामने ही आराम मिल रहा है। बाहर निकलते ही पसीना से लोग तराबोर हो जा रहे हैं। उधर भीषण गर्मी में बिजली कटौती लोगों को और रुला रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रचंड गर्मी में नगर के बाजाराें और सड़काें पर सन्नाटा पसरा रहा। शीतल पेय पदार्थों की दूकानों पर ग्राहक हलक की प्यास बुझाते दिखे।
भीषण गर्मी के चलते शुक्रवार की सुबह से ही तल्ख किरणें असहनीय होने लगी थीं। जरूरी कार्यवश घराें से निकलने वाले लोग अच्छी तरह रुमालों , गमछे से चेहरे को ढककर ही बाहर निकले। तपिश के कारण नगर में जगह-जगह रिक्शा चालक व छुट्टा पशु पेड़ों की छांव में आराम फरमाते दिखाई दिए। उमस भरी गर्मी, ऊपर से बिजली कटौती कोढ़ में खाज साबित हो रही है। सुबह, दोपहर, शाम सहित रात्रिकालीन बिजली की कटौती से लोगाें का हाल बेहाल है।
दिन में कटौती से जहां बिजली पर आधारित किसी भी प्रकार के काम नहीं हो पा रहा है। वहीं रात्रिकालीन बिजली कटौती से उमस भरी गर्मी में लोगाें की नींद हराम हो रही है। बिजली के इंतजार में लोग रतजगा करने को मजबूर हैं। नगरीय इलाकाें सहित जनपद के ग्रामीण अंचलों में आसमान से बरस रही आग के कारण दोपहर के समय लोग अपने अपने घराें में कैद रहना ही मुनासिब समझ रहे हैं।