नक्सल के नाम पर अधिकारी मलाई काट रहे हैं। लोगाें को प्रताड़ित किया जा रहा है, कोई विकास कार्य नहीं हो पा रहा है। गरीबों के उत्थान के नाम पर जमकर लूट-खसोट हो रही है। गरीबों का उत्पीड़न चरम पर है, उनकी आवाज दबा दी जा रही है। कलेक्ट्रेट पर जून महीने मेें दो दिवसीय धरना होगा, जहां उनकी आवाज बुलंद की जाएगी। यह बातें सीपीआईएम की नेता सुभाषिनी अली ने प्रेसवार्ता में कही।
नगर के रमईपट्टी स्थित एक सभागार में कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून के साथ ही किसानों व गरीबों की तमाम समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। कहा कि डीआईजी और जिलाधिकारी से मुलाकात की है। उन्होंने हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले की यात्रा के पूर्व ही नक्सलियों ने ढाई सौ ग्रामीणाें को अगवा कर उन्हें बंधक बना लिया। इससे साफ जाहिर है कि प्रधानमंत्री का जादू कहीं नहीं दिखाई दे रहा है। भाजपा के अश्वमेध का घोड़ा अब ठहर गया है। जनता इस बात को जान चुकी है।