मिर्जापुर। सीबीएसई की दसवीं और 12वीं की टर्म-2 परीक्षा 26 अप्रैल 2022 से शुरू होने वाली है लेकिन प्रायोगिक परीक्षाएं दो मार्च से ही शुरू होंगी। इसके लिए सभी संबंधित विद्यालयों को दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। इस बार सीबीएसई ने कोविड-19 के चलते 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को दो टर्म में कराने का निर्णय लिया था।
टर्म-1 की परीक्षाएं नवंबर-दिसंबर 2021 में हो चुकी हैं। जबकि टर्म-2 की परीक्षाएं 26 अप्रैल 2022 से प्रस्तावित हैं। सीबीएसई का मानना था कि यदि कोविड बढ़ता है और पिछले वर्ष की तरह परीक्षा के आयोजन में बाधा आती है। तो टर्म-1 परीक्षाओं के अंकों के आधार पर वह बच्चों का परीक्षा फल घोषित कर देगा। लेकिन अब जब कोविड के मामले बहुत कम हो गए हैं तो परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इन दोनों परीक्षाओं के बाद ही सीबीएसई 10वीं व 12वीं का परिणाम घोषित करेगा। फिलहाल जिले में इस बार 10वीं व 12वीं की परीक्षा में 5500 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसके लिए जिले में भदोही को लेकर 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
11 केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
मिर्जापुर। सीबीएससी की टर्म- 2 परीक्षा इस बार जिले में 11 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजित होगी। जिसमें 10वीं और 12वीं में मिलाकर साढ़े पांच हजार बच्चे शामिल होंगे। कोविड- 19 के चलते सीबीएसई ने दो टर्म में परीक्षा लेने का निर्णय लिया है। इस बार दसवीं में जिले में 3323 तथा 12 वीं में 2013 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर डा. एनके पांडेय ने बताया कि लिखित परीक्षा 26 अप्रैल 2022 से शुरु करने का टाइम टेबल निर्धारित है। इसके पहले दो मार्च 2022 से प्रायोगिक परीक्षा होगी।
10 दिन पूर्व तक ली जा सकती है प्रायोगिक परीक्षा
मिर्जापुर। सीबीएसई के जारी दिशानिर्देश के अनुसार विद्यालय लिखित परीक्षा के 10 दिन पूर्व तक प्रायोगिक परीक्षा ले सकते हैं। इसके लिए परीक्षकों की सूची भी जारी कर दी गई है। जिले में दो मार्च से लेकर 16 अप्रैल तक प्रायोगिक परीक्षा ली जा सकती है। सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर डॉक्टर एनके पांडेय ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां की जा रही है। सभी विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा हो चुका है। अब सिर्फ परीक्षा की ही तैयारी हो रही है।