थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव में एक शिक्षक ने छोटी सी गलती पर छात्र के हाथ पैर बंधवाकर उसे बड़ेर से लटका दिया। छात्र जब बेहोश होने लगा, तब उसे उतारा। छात्र की गलती केवल इतनी थी कि पुस्तक के कवर पेज पर उसने अपना नाम लिख दिया था। बच्चे को बडेर से टांगने की जानकारी पर ग्रामीण स्कूल पहुंचे तो शिक्षक भाग निकला।
गढ़वा में एक निजी स्कूल में सुनील नाम का छात्र कक्षा में बैठकर अपनी एक पुस्तक के कवर पर अपना नाम लिखने लगा। इसी बीच अध्यापक पहुंच गया और छात्र द्वारा पुस्तक पर नाम लिखते देखकर आग बबूला हो गए। छात्र को बुलाकर उसका हाथ पैर रस्सी से बंधवाकर उसकी पिटाई करने लगा। छात्र दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की गुहार लगाता रहा लेकिन शिक्षक ने उसकी एक न सुनी और पिटाई करने के बाद उसे विद्यालय की बडे़र से टंगवा दिया। कुछ देर बाद उसकी आंखें लाल होने लगी और वह बेहोश होने लगा तो लोगों ने उसे नीचे उतरवाया। इसकी खबर जब गांव में लगी तो घरवाले आक्रोशित हो गए। विद्यालय पहुंच तो अध्यापक फरार हो गया।